शिशु रोग विभाग के एसएमटीयू वार्ड में वारदात, बंद AC चालू कराने पर खुला राज
पहले भी चोरी हो चुका है आउटडोर यूनिट, करोड़ों की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
रीवा, 05,जून 2026,Rewadarshannews18 Upendra Dwivedi
विंध्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल संजय गांधी अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था फिर बेनकाब हुई है। दर्जनों सुरक्षा गार्डों की तैनाती के बावजूद चोर अस्पताल के शिशु रोग विभाग से 5 एयर कंडीशनर के कई मीटर लंबे कॉपर वायर चुरा ले गए।
कैसे हुआ खुलासा:
गांधी स्मृति चिकित्सालय के एसएमटीयू वार्ड और डॉक्टर ड्यूटी रूम में लगे 5 एसी काफी समय से बंद थे। वार्ड प्रबंधन की शिकायत पर अधीक्षक के निर्देश पर मैकेनिक मरम्मत के लिए पहुंचा। जांच में पता चला कि एसी के आउटडोर यूनिट तक जाने वाले कॉपर वायर ही गायब हैं। घटना से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
सवालों के घेरे में सुरक्षा:
यह पहली वारदात नहीं है। इससे पहले भी तीसरी मंजिल से एसी का आउटडोर यूनिट चोरी हो चुका है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा और सफाई पर हर साल करोड़ों खर्च होते हैं, लेकिन चोर आसानी से लाखों का सामान ले जा रहे हैं।
जिम्मेदार कौन:
परिसर में सुरक्षा एजेंसी के दर्जनों गार्ड तैनात हैं। फिर भी लगातार चोरी हो रही है। जिम्मेदार एजेंसियों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से कर्मचारियों और मरीजों में नाराजगी है। विभागाध्यक्ष और वार्ड प्रभारी ने अस्पताल अधीक्षक को लिखित जानकारी दे दी है। अब देखना है कि प्रशासन क्या एक्शन लेता है।



