करियाझर गांव पहुंचकर जाना आदिवासी परिवारों का हाल, सड़क, पानी, स्वास्थ्य और वन अधिकारों से जुड़ी समस्याओं पर उठाई आवाज
रीवा 08,नवंबर 2026,Rewadarshannews18 Upendra Dwivedi

रीवा। दीपावली का वास्तविक उल्लास तभी सार्थक होता है, जब समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के जीवन में भी खुशियों का उजाला पहुंचे। पर्व की खुशियां केवल अपने घर-आंगन तक सीमित न रहकर उन बस्तियों तक भी पहुंचनी चाहिए, जहां आज भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। इसी मानवीय संवेदना और सामाजिक सरोकार की प्रेरक मिसाल पेश करते हुए मध्यप्रदेश कांग्रेस वन एवं पर्यावरण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व आईएफएस एवं पूर्व मुख्य वन संरक्षक डॉ. एस.पी.एस. तिवारी ने रीवा जिले की गुढ़ विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ वनांचल स्थित आदिवासी गांव करियाझर में आदिवासी भाई-बहनों के साथ दीपावली का पर्व मनाया।
इस अवसर पर डॉ. तिवारी ने ग्रामीण आदिवासी परिवारों के बीच पहुंचकर उनसे आत्मीय संवाद किया तथा उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और जीवन की कठिनाइयों को नजदीक से समझा। दीपावली के इस अवसर पर लगभग 50 आदिवासी भाई-बहनों को कंबल वितरित किए गए। इस पहल ने पर्व की खुशियों में सेवा, सहयोग और आत्मीयता का भाव भी जोड़ दिया।

वन एवं पर्यावरण प्रकोष्ठ के गठन का उद्देश्य बताया
कार्यक्रम के दौरान डॉ. श्री तिवारी ने मध्यप्रदेश कांग्रेस वन एवं पर्यावरण प्रकोष्ठ के गठन के उद्देश्य, उसकी कार्ययोजना तथा आदिवासी, वनवासी और वन क्षेत्रों से जुड़े समुदायों के अधिकारों एवं हितों के संरक्षण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वनांचल में निवास करने वाले आदिवासी समुदाय का जीवन जंगल, जल, जमीन और प्राकृतिक संसाधनों से गहराई से जुड़ा हुआ है। इसलिए उनके अधिकारों की रक्षा, जीवन स्तर में सुधार और सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।
आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है करियाझर गांव
डॉ. श्री तिवारी ने करियाझर गांव की परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज भी यह दूरस्थ आदिवासी गांव सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है। विडंबना यह है कि विकास के अनेक दावों के बावजूद वनांचल के इन गांवों तक मूलभूत सुविधाओं की समुचित पहुंच सुनिश्चित नहीं हो सकी है।
उन्होंने वन अधिकार अधिनियम, 2006 का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में आदिवासी एवं परंपरागत वन निवासियों के अधिकारों को कानूनी संरक्षण देने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की गई थी। बावजूद इसके करियाझर गांव के अनेक आदिवासी परिवार आज भी वन अधिकार पत्र से वंचित हैं। वन्य प्राणियों द्वारा पालतू पशुओं और फसलों को पहुंचाए जाने वाले नुकसान का उचित मुआवजा भी प्रभावित परिवारों को नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने कहा कि रोजगार के सीमित अवसरों और लघु वनोपज का उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण स्थानीय आदिवासी परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। यह आवश्यक है कि शासन-प्रशासन इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इनके निराकरण के लिए ठोस कदम उठाए।
डॉ. तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने आदिवासी समुदाय के अधिकारों और कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कानून एवं अधिनियम बनाए हैं। पार्टी भविष्य में भी आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा और उनके सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़ी रहेगी।
बड़ी संख्या में कांग्रेस जन एवं ग्रामीण रहे उपस्थित
इस अवसर पर गुढ़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ललन पाण्डेय, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र उपाध्याय, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गोविन्द तिवारी सेवा निवृत्त रेंजर महेंद्र त्रिपाठी, पूर्व सहायक वन संरक्षक अम्बरीश पाण्डेय, सेवा निवृत्त लेखापाल के.के. पाण्डेय, पूर्व वनपाल रामचरित त्रिपाठी, संजीव शर्मा, बीएलए रामजीवन सिंह, अजय पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन एवं सैकड़ों की संख्या में स्थानीय आदिवासी महिलाएं और ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
करियाझर के वनांचल में आदिवासी परिवारों के बीच मनाई गई यह दीपावली केवल एक पर्व आयोजन नहीं, बल्कि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग के साथ खड़े होने, उनकी पीड़ा को समझने तथा उनके अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करने का एक संवेदनशील प्रयास बनकर सामने आई।





