ई-डॉर पोर्टल पर संबंधित अधिकारी दुर्घटना की तत्काल जानकारी दर्ज करें एवं सड़क दुर्घटनाओं की मानीटरिंग के लिए ई-डॉर पोर्टल पर जानकारी दें – अपर कलेक्टर

Share this post

रीवा 01 जून 2026.Rewadarshannews18 Upendra Dwivedi

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री राहत योजना तथा ई-डॉर पोर्टल पर सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी दर्ज करने की समीक्षा की। अपर कलेक्टर ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और पीड़ितों को बिना देरी के सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से ई-डॉर पोर्टल शुरू किया गया है। इस पोर्टल से पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग, बीमा, लोक निर्माण विभाग, एमपीआरडीसी, एनएचआई तथा राजस्व अधिकारी जुड़े हुए हैं। सड़क दुर्घटनाओं की मानीटरिंग के लिए ई-डॉर पोर्टल एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे जुड़े विभागों के अधिकारी सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल पोर्टल पर विभाग से जुड़ी जानकारी दर्ज करें।


       अपर कलेक्टर ने कहा कि सड़क दुर्घटना होने पर राहत और बचाव कार्य की पूरी निगरानी ई-डॉर पोर्टल से की जाती है। जिस क्षेत्र में दुर्घटना होती है उसके थाना प्रभारी घटना का विवरण दर्ज करें। दुर्घटना पीड़ितों के अस्पताल पहुंचने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपचार संबंधी जानकारी दर्ज करें। इसी पोर्टल के माध्यम से मेडिकल रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी दर्ज की जानी है। दुर्घटना के संबंध में 24 घंटे की समय सीमा में पोर्टल पर संबंधित विभागों द्वारा जानकारी दर्ज कर लेने पर दुर्घटना पीड़ित को चिन्हित अस्पतालों में प्रधानमंत्री राहत योजना से 1.5 लाख रुपए तक की उपचार सहायता नि:शुल्क दी जाती है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पोर्टल में चिन्हित अस्पतालों की सूची दर्ज करा दें। ई-डॉर पोर्टल पर रियल टाइम डेटा अपडेट करना अनिवार्य है। यदि कोई व्यक्ति दुर्घटना पीड़ित को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचा देता है तो उसे राहवीर योजना से 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है। दुर्घटना के संबंध में तत्परता से रियल टाइम डेटा दर्ज होने पर ही इसका लाभ दिया जा सकता है। ई-डॉर पोर्टल के माध्यम से प्राप्त दुर्घटना संबंधी डेटा का विश्लेषण करके सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उपाय किए जा सकते हैं। सभी अधिकारी इस पर रियल टाइम डेटा दर्ज करें। बैठक में जिला परिवहन अधिकारी मनीष त्रिपाठी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनीष पटेल, यातायात प्रभारी अनीमा शर्मा, प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनुराग शर्मा, डॉ. केबी गौतम, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण नितिन पटेल तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

ख़ास ख़बरें

ताजातरीन

marketmystique