रीवा 26 मार्च 2026.Rewadarshannews18 Upendra Dwivedi
रीवा जिले के पेट्रोल पंपों में डीजल और पेट्रोल का लगातार वितरण किया जा रहा है। कुछ पेट्रोल पंपों में स्टॉक समाप्त होने के कारण वितरण नहीं हो रहा है। डीजल और पेट्रोल के टैंकर आते ही इनमें भी वितरण शुरू हो जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने बताया कि रीवा जिले में डीजल और पेट्रोल का पर्याप्त भण्डार मौजूद है। जिले में प्रतिदिन डीजल की 90 हजार लीटर तथा पेट्रोल की 50 हजार लीटर की औसतन बिक्री होती है। अफवाहों के कारण 25 मार्च को इनकी मांग सामान्य से तीन गुना हो गई, जिसके कारण पेट्रोल पंपों में डीजल और पेट्रोल प्राप्त करने के लिए कतारें लगने लगीं। जिले में 26 मार्च को दोपहर 12 बजे तक 5 लाख लीटर से अधिक डीजल और पेट्रोल भण्डारित है। अलग-अलग पेट्रोल पंपों के 15 टैंकर रास्ते में हैं। शहरी क्षेत्र के कुछ पेट्रोल पंपों में एक साथ उपभोक्ताओं के पहुंचने के कारण वितरण में कठिनाई हो रही है। सभी एसडीएम, तहसीलदार तथा पुलिस अधिकारी पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस वितरण की व्यवस्थाएं मौके पर जाकर सुनिश्चित कर रहे हैं।
कलेक्टर ने आमजनता से अपील करते हुए कहा है कि पेट्रोल और डीजल की कमी के संबंध में फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें। डीजल और पेट्रोल का भय के कारण भण्डारण न करें। आमजनता को उनकी आवश्यकताओं के अनुसार डीजल और पेट्रोल लगातार प्राप्त होगा। पेट्रोल पंपों में पेनिक डिमांड के कारण आम उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। आमजन अपनी आवश्यकता के अनुसार पेट्रोल डीजल प्राप्त करें। इनकी आपूर्ति के लिए पूरी तरह से आश्वस्त रहें। सोशल मीडिया तथा अन्य संचार माध्यमों में डीजल और पेट्रोल के संबंध में भ्रामक समाचार और अफवाह फैलाने वालों की पहचान की जा रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इनके विरूद्ध समुचित कार्यवाही की जाएगी।



