रीवा 11 जून 2026.Rewadarshannews18 Upendra Dwivedi
जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में शासन के निर्देशों के अनुरूप 12 जून से 18 जून तक जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शहरी क्षेत्र के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा ग्रामीण क्षेत्र के लिए संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को शिविर का नोडल अधिकारी बनाया गया है। इस संबंध में प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन ने कहा है कि प्रत्येक विकासखण्ड मुख्यालय तथा नगरीय निकाय में जनकल्याण शिविर का आयोजन करें। शिविर में शासन की विभिन्न योजनाओं के छूटे हुए पात्र हितग्राहियों के आवेदन पत्र भरवाकर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करें। शिविरों के माध्यम से शासन की प्रमुख योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रचार प्रसार करें। शिविर में आमजनता से प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों को संबंधित विभागों के माध्यम से सात दिन की समय सीमा में निराकृत करने की व्यवस्था कराएं। इन शिविरों में जिला और खण्ड स्तर के सभी अधिकारी शामिल होंगे। शिविरों में प्रधानमंत्री किसान कल्याण योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, वय वंदना योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना तथा अन्य योजनाओं के पात्र हितग्राहियों के आवेदन पत्र भरवाएं।
प्रभारी कलेक्टर ने कहा कि विकासखण्ड रायपुर कर्चुलियान, विकासखण्ड रीवा तथा विकासखण्ड गंगेव के जनपद पंचायत कार्यालयों में 12 से 16 जून तक शिविर लगेंगे। विकासखण्ड जवा में जनपद पंचायत कार्यालय में 15 से 16 जून तथा विकासखण्ड त्योंथर में जनपद पंचायत कार्यालय में 15 से 18 जून तक जनकल्याण शिविर लगेंगे। विकासखण्ड सिरमौर में 12 से 15 जून तक जनपद पंचायत कार्यालय में शिविर लगेगा। शहरी क्षेत्र में नगर परिषद मनगवां में 15 से 17 जून, नगर परिषद गुढ़ तथा नगर परिषद गोविंदगढ़ में 12 से 18 जून तक नगरीय निकाय के कार्यालयों में शिविर लगेंगे। नगर निगम रीवा में 12 से 16 जून तक शिविर जनपद पंचायत कार्यालय रीवा में लगाया जाएगा। नगर परिषद डभौरा में 18 जून को, नगर परिषद चाकघाट तथा नगर परिषद त्योंथर में 15 से 18 जून तक शिविर लगेंगे। नगर परिषद सेमरिया, नगर परिषद सिरमौर तथा नगर परिषद बैकुण्ठपुर में 12 से 15 जून तक नगर परिषद कार्यालयों में शिविर लगेंगे। आमजनता से इन शिविरों से लाभ उठाने की अपील की गई है।



