सिंचाई परियोजनाओं का कार्य जून माह तक पूरा कराएं – कलेक्टर

Share this post

रीवा 26 मार्च 2026. Rewadarshannews18 Upendra Dwivedi

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में जिले में सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि बहुती सिंचाई परियोजना, त्योंथर फ्लो सिंचाई परियोजना तथा नईगढ़ी सिंचाई परियोजना का कार्य जून माह तक पूरा कराएं। भू अर्जन के शेष प्रकरण तत्काल निराकृत कराएं। मुख्य नहर तथा डिस्ट्रीब्यूटरी नहरों का निर्माण तेजी से कराएं जिससे अगली फसल में किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिल सके। बहुती सिंचाई परियोजना से रीवा जिले के गुढ़, मनगवां, सिरमौर, मऊगंज जिले के देवतालाब क्षेत्र तथा सतना जिले के रामपुर बघेलान तहसील के गांवों को पानी मिलेगा।

       कलेक्टर ने कहा कि त्योंथर फ्लो परियोजना तथा त्योंथर माइक्रो परियोजना का कार्य भी बारिश से पहले पूरा कराएं। दिव्यगवां शासकीय महाविद्यालय से समन्वय बनाकर नहर का शेष बचा कार्य पूरा कराएं। नहर में यदि किसी ने अवैध रूप से कब्जा किया है तो उस पर पुलिस के सहयोग से कार्यवाही करें। लोनीबांध परियोजना तथा नईगढ़ी माइक्रो सिंचाई परियोजना का कार्य भी तेजी से पूरा कराएं। बैठक में कार्यपालन यंत्री मनोज तिवारी ने बताया कि बहुती नहर की कुल लम्बाई 56 किलोमीटर है। इसमें अलग-अलग भाग में लगभग 14 किलोमीटर में निर्माण कार्य शेष है। इसे 30 जून तक पूरा कर लिया जाएगा। एक्वाडक्ट का कार्य 30 अप्रैल तक पूरा हो जाएगा। बैठक में कार्यपालन यंत्री बीपी मिश्रा ने बताया कि बीहर बराज के पास सेमरिया में तीन पम्प हाउस बनाए जा रहे हैं। इनमें से दो का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। एक का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। नहर बनाने के लिए हार्डस्टेटा होने के कारण 17 गांवों में सीमित क्षमता से ब्लास्टिंग का कार्य किया गया। नहरों का निर्माण जून माह तक पूरा हो जाएगा।

       बैठक में कार्यपालन यंत्री अमरदीप त्रिपाठी ने बताया कि त्योंथर परियोजना में नहर का कार्य पूरा हो गया है। 15 स्थानों में भू अर्जन की कार्यवाही की जा रही है। दिव्यगवां कालेज के समीप लगभग सौ मीटर नहर का निर्माण शेष है। त्योंथर माइक्रो परियोजना का कार्य जून माह तक पूरा हो जाएगा। त्योंथर फ्लो परियोजना तथा लोनीबांध परियोजना का कार्य अगले वर्ष मार्च माह तक पूरा होगा। बहुती परियोजना से इस वर्ष 10 हजार हेक्टेयर में पानी उपलब्ध कराया गया। निर्माणाधीन पनवार सिंचाई परियोजना तथा महाना परियोजना का कार्य पूरा होने पर 14 हजार 800 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा मिलेगी। आगामी दो वर्ष में सिंचाई परियोजनाओं का कार्य पूरा हो जाने पर रीवा जिले के लगभग 96 प्रतिशत क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। बैठक में जल संसाधन विभाग के सहायक यंत्री तथा निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

ख़ास ख़बरें

ताजातरीन

marketmystique