नई दिल्ली, 04 फरवरी 2026,Rewadarshannews18 Upendra Dwivedi
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगाए जाने वाले टैरिफ को 25% से घटाकर 18% करने का एलान किया है। शुरुआत में यह साफ नहीं था कि अतिरिक्त 25% टैरिफ पर क्या फैसला होगा, लेकिन अब व्हाइट हाउस के एक सीनियर अधिकारी ने पुष्टि कर दी है कि भारत पर लगने वाला अतिरिक्त 25% टैरिफ भी पूरी तरह हटा दिया जाएगा।
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, यह फैसला भारत द्वारा रूसी तेल की खरीद में कटौती के बाद लिया गया है। समझौते के तहत भारत न केवल रूसी तेल की खरीद कम करेगा, बल्कि उसे पूरी तरह बंद करने पर भी सहमत हुआ है। इसके बदले भारत अमेरिका और वेनेजुएला से तेल खरीदेगा।
राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत हुई, जिसमें ट्रेड और रूस-यूक्रेन युद्ध जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। वहीं पीएम मोदी ने भी इस घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि मेड-इन-इंडिया उत्पादों पर टैरिफ घटने से भारतीय अर्थव्यवस्था और निर्यात को बड़ा फायदा मिलेगा।
यह फैसला न केवल भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को नई मजबूती देगा, बल्कि वैश्विक ऊर्जा और कूटनीतिक संतुलन में भी अहम भूमिका निभा सकता है।





