जिला पंचायत में ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा, धीमी प्रगति पर सख्त दिखे मुख्य कार्यपालन अधिकारी

रीवा 28 जनवरी 2026, Rewadarshannews18 Upendra Dwivedi
जिला पंचायत सभागार में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मेहताब सिंह गुर्जर की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला व जनपद स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में मनरेगा, एक बगिया माँ के नाम, जल गंगा संवर्धन अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, पंचायत भवन निर्माण एवं सीएम हेल्पलाइन की प्रगति की समीक्षा की गई।
मनरेगा सामग्री भुगतान में लक्ष्य के अनुरूप व्यय न होने पर नाराजगी व्यक्त की गई। 565.05 लाख रुपये के आवंटन के विरुद्ध कई जनपदों में भुगतान अधूरा पाए जाने पर 30 जनवरी 2026 तक शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एक बगिया माँ के नाम योजना में जिले की रैंकिंग प्रदेश स्तर पर 28वें स्थान पर पाई गई। अपेक्षित प्रगति न होने पर संबंधित उपयंत्री एवं एनआरएलएम बीएम को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए तथा दैनिक निगरानी के आदेश दिए गए।
जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत खेत तालाब, कूप रिचार्ज एवं अमृत सरोवर के कार्यों में भी प्रगति धीमी पाई गई। सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
मनरेगा एक्टिव वर्करों की ई-केवाईसी मात्र 71.47 प्रतिशत होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए इसे 30 जनवरी 2026 तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में लंबित सत्यापन एवं अधूरे आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में स्पष्ट किया गया कि आगामी समीक्षा में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।





