कलेक्टर द्वारा प्राकृतिक खेती और उद्यानिकी के प्रयासों को लेकर की समीक्षा

रीवा 28 जनवरी 2026, Rewadarshannews18 Upendra Dwivedi
कलेक्ट्रेट स्थित मोहन सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा कि कृषि और उससे जुड़े विभागों में शासन की प्राथमिकताओं पर विशेष ध्यान देंने की जरूरत है। विभागीय योजनाओं के लक्ष्य एक माह में शत-प्रतिशत पूरा कराएं। तथा किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास करें। उप संचालक कृषि प्रेशराइज्ड पाइप से सिंचाई के लिए सिंचाई परियोजनाओं के कमांड क्षेत्र के किसानों का पंजीयन कराएं। पंजीयन की कार्यवाही 10 दिनों में पूरा करें। खेती के समन्वित विकास के लिए 8 क्लस्टर बनाए गए हैं। इनमें उद्यानिकी, पशुपालक और मछलीपालक किसानों को भी शामिल करें। प्राकृतिक खेती के लिए बनाए गए क्लस्टर में गौशालाओं की मैपिंग कराएं। सहकारी समितियों और डबल लॉक सेंटर से ई टोकन के माध्यम से ही खाद का वितरण कराएं।
कलेक्टर ने कहा कि कृषि के साथ-साथ उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा दें। जिले में बड़ी संख्या में किसान सब्जी और फलों की खेती कर रहे हैं। फल, सब्जी, मसाला तथा फूलों की खेती के क्षेत्र में विस्तार एवं उद्यानिकी किसानों को ड्रिप तथा स्प्रिंकलर सिंचाई सुविधा देने पर विशेष ध्यान दें। इसका लक्ष्य 15 दिवस में पूरा कराएं। खाद्य प्रसंस्करण में 60 इकाईयों के प्रकरण स्वीकृत हुए हैं तथा 40 इकाईयां स्थापित हुई हैं। अग्रणी बैंक प्रबंधक से समन्वय बनाकर लंबित 70 प्रकरणों को स्वीकृत कराएं। उप संचालक पशुपालन पशुओं के टीकाकरण और कृत्रिम गर्भाधान योजना पर विशेष ध्यान दें। इनके लक्ष्यों की उपलब्धि सात दिवस में पोर्टल में दर्ज कराएं। कामधेनु योजना में लंबित 27 प्रकरणों को स्वीकृति दिलाकर डेयरी की स्थापना कराएं।
कलेक्टर ने उप संचालक मछलीपालन को मनरेगा योजना के सभी तालाबों तथा अमृत सरोवर के तालाबों में मछलीपालन कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विभागीय लक्ष्यों में लापरवाही बरतने पर उद्यानिकी विभाग के जवा और रीवा के उद्यानिकी क्षेत्र विस्तार अधिकारी तथा कृषि विभाग के लापरवाह वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारियों को नोटिस देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने उप संचालक कृषि को प्रेशराइज्ड पाइप सिंचाई के लिए पंजीकृत किसानों की प्रतिदिन जानकारी देने के निर्देश दिए। बैठक में उप संचालक कृषि यूपी बागरी, उप संचालक मछलीपालन डॉ अंजना सिंह, उप संचालक पशुपालन डॉ व्हीबी सिंह, सहायक संचालक उद्यानिकी बीएस सेंगर तथा खण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





