सागर कलेक्टर का बड़ा निर्णय स्कूल-कॉलेजों में विशेष शिविर लगाकर बनाए जाएंगे जाति प्रमाण पत्र

Share this post

छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों के लिए राहत भरी पहल

सागर, 22,जनवरी 2026, Rewadarshannews18 Upendra Dwivedi

जिले के आम नागरिकों, विशेषकर छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों के लिए राहतकारी पहल करते हुए कलेक्टर संदीप जी.आर. ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि अब जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए विद्यार्थियों को तहसील कार्यालय अथवा लोक सेवा केंद्रों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। प्रशासन द्वारा स्कूलों एवं महाविद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित कर जाति प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे।

कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. ने बताया कि छात्रवृत्ति योजनाओं एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के समय जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता होती है। दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र बनवाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती है। इस पहल से विद्यार्थियों को उनके शैक्षणिक संस्थानों में ही यह सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

शिविरों की कार्ययोजना

कलेक्टर ने बताया कि शिविरों में राजस्व विभाग एवं शिक्षा विभाग की संयुक्त टीमें उपस्थित रहेंगी। विद्यालय एवं महाविद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया गया है कि वे पूर्व से ही विद्यार्थियों से आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज संकलित करें। प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करते हुए शीघ्र डिजिटल हस्ताक्षरित जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे।

कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. ने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि विद्यार्थियों को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी समय से उपलब्ध कराई जाए तथा शिविरों की तिथियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी वंचित न रहे। कलेक्टर ने विशेष रूप से दूरस्थ अंचलों पर ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रशासन का उद्देश्य शासकीय सेवाओं को सरल, सुलभ एवं समयबद्ध रूप से आमजन तक पहुंचाना है।

Leave a Comment

ख़ास ख़बरें

ताजातरीन

marketmystique