कलेक्टर के निर्देशन में विगत 12 माह से निरंतर सीएम हेल्पलाईन शिकायतों के निराकरण में अग्रणी है रायसेन जिला

रायसेन, 22 जनवरी 2026,Rewadarshannews18 Upendra Dwivedi
राज्य स्तर से सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में माह दिसंबर 2025 की ग्रेडिंग गत दिवस जारी की गई, जिसमें रायसेन जिले ने 89.87 प्रतिशत वेटेज स्कोर के साथ पुनः प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में सीएम हेल्पलाईन शिकायतों का अंतिम और संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है तथा विगत 12 माह से रायसेन जिला निरंतर सीएम हेल्पलाईन शिकायतों के निराकरण में अग्रणी बना हुआ है।

कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने सभी अधिकारियों के प्रयासों और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि यहां रुकना नहीं है। सभी अधिकारी और अधिक मेहनत करें तथा जो सीएम हेल्पलाइन शेष हैं उनका भी प्राथमिकता से अंतिम निराकरण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने बी और सी ग्रेड प्राप्त करने वाले विभागों के अधिकारियों को स्थिति में सुधार करने तथा डी ग्रेड वाले विभागों को कड़ी मेहनत और समयबद्ध निराकरण के लिए सख्त हिदायत दी है। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री विश्वकर्मा द्वारा नियमित रूप से विभागवार और अधिकारीवार सीएम हेल्पलाईन शिकायतों के निराकरण की गहन समीक्षा और सतत् मॉनीटरिंग की जा रही है। सीएम हेल्पलाईन पर विगत माहों में स्वास्थ्य विभाग, महिला बाल विकास विभाग, पंचायत विभाग, स्कूल शिक्षा तथा राजस्व आदि की अधिक संख्या में शिकायतें प्राप्त होने पर कलेक्टर श्री विश्वकर्मा द्वारा स्वयं निराकरण की कार्यवाही की प्रतिदिन समीक्षा की गई। अधिकारियों को गंभीरता तथा व्यवहारिक दृष्टिकोण के साथ सीएम हेल्पलाईन शिकायतों के निराकरण हेतु प्रेरित किया गया। जिसके सकारात्मक परिणाम परिलक्षित हो रहे हैं।





