2025 में रीवा ने भरी विकास की बड़ी उड़ान विंध्य को मिली कई उपलब्धियां

Share this post

रीवा 01 जनवरी 2026, Rewa darshan news

रीवा संभाग और रीवा जिले के लिए 2025 कई उपलब्धियों के लिए याद किया जाएगा। रीवा में जनवरी और फरवरी का महीना प्रयागराज महाकुंभ की चुनौती लेकर आया। सड़कों पर असंख्य वाहनों को व्यवस्थित करने और हजारों तीर्थयात्रियों को सहायता पहुंचाने के लिए प्रशासन ने एड़ी-चोटी का जोर लगाया। बेला से लेकर चाकघाट तक कई बार वाहनों का महाजाम लगा। प्रशासन ने पूरी मुस्तैदी के साथ इन कठिन परिस्थितियों में तीर्थयात्रियों की सेवा की तथा व्यवस्थाएं बहाल कराई।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रीवा प्रशासन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। रीवा में 22 अक्टूबर 2024 को रीवा एयरपोर्ट का लोकार्पण होने के साथ छोटे विमानों का संचालन शुरू हुआ। रीवा से जबलपुर, भोपाल, सिंगरौली और खजुराहो के लिए विमान सेवाएं शुरू हुईं। रीवा के लिए 2025 दिल्ली और भोपाल के लिए 72 सीटर विमानों की सौगात लेकर आया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने 10 नवम्बर को वर्चुअल माध्यम से रीवा से दिल्ली 72 सीटर हवाई सेवा का शुभारंभ किया। इसमें आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

रीवा जिले के साथ-साथ सतना, सीधी, सिंगरौली, कटनी, मऊगंज और प्रयागराज के भी यात्री इसका उपयोग कर रहे हैं। रीवा एयरपोर्ट से 22 दिसम्बर को इंदौर के लिए 72 सीटर विमान की सेवा शुरू हुई। यह सेवा प्रतिदिन है। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल तथा नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इसका शुभांरभ किया। बड़ी संख्या में लोग इस विमान सेवा का उपयोग करके उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन को जा रहे हैं। इन विमान सेवाओं के शुरू होने से विन्ध्य में पर्यटन, शिक्षा, उद्योग तथा चिकित्सा के क्षेत्र में तेजी से विकास के अवसर बढ़ेंगे।

रीवा को इस साल कई बड़े निर्माण कार्यों की सौगात मिली। बीहर नदी में बनाए जा रहे रिवर फ्रंट के बाएं किनारे का लोकार्पण किया गया। शहर के मध्य में कई एकड़ में फैले अटल पार्क की सौगात नगरवासियों को मिली। सुबह-शाम की सैर करने वालों के लिए यह बड़ी सौगात है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने 4 मई को तीन खण्डों में निर्मित नवीन जिला न्यायालय भवन का लोकार्पण किया। इसमें न्यायाधीशों, पक्षकारों तथा वकीलों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसी दिन मुख्यमंत्री डॉ यादव ने राजनिवास सर्किट परिसर में इंडो-यूरोपियन शैली में बनाए गए 10 कक्षों के नए सर्किट हाउस भवन का भी लोकार्पण किया। इसी साल जिला अस्पताल में नवीन ओपीडी भवन तथा तीन विद्युत सब स्टेशनों की भी सौगात मिली। रीवा से गुजरने वाली ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन के निर्माण कार्यों में तेजी आई। इस वर्ष रीवा से सीधी जिले में रामपुर नैकिन तक ट्रेन दौड़ी। रामपुर नैकिन से चुरहट तक का निर्माण कार्य भी एक माह में पूरा हो जाएगा। सतना से पन्ना की ओर भी नागौद तक रेलवे लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो गया है। इस वर्ष 27 जनवरी को चित्रकूट में केन्द्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह का आगमन हुआ। केन्द्रीय गृहमंत्री ने नानाजी देशमुख को श्रद्धासुमन अर्पित किए। साल के अंत में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर 25 दिसम्बर को केन्द्रीय गृहमंत्री का रीवा जिले के बसामन मामा गौ अभ्यारण्य आगमन हुआ। केन्द्रीय गृहमंत्री श्री शाह तथा मुख्यमंत्री डॉ यादव ने गौ अभ्यारण्य में प्राकृतिक खेती के माडल का शुभारंभ किया। इस वर्ष प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए गए। जिले में पाँच हजार से अधिक किसानों ने प्राकृतिक खेती को अपनाया। इस वर्ष 31 अक्टूबर को रीवा में सैनिक स्कूल में नौसेना अध्यक्ष एडमिरल दिनेश त्रिपाठी तथा थल सेना अध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने मंच साझा किया। दोनों सेनाध्यक्ष सैनिक स्कूल रीवा के पुरा छात्र हैं। संयोगवश दोनों वर्तमान में जल और थल सेना की कमान संभाल रहे हैं। यह विन्ध्य के लिए बहुत बड़ा गौरव है। पूर्व राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद राष्ट्रीय साहित्य सम्मेलन में शामिल होने के लिए सात नवम्बर को रीवा पधारे। इस साल रीवा में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल को कई आधुनिक मशीनें मिलीं। यहाँ हृदय रोग और अन्य रोगों के कई जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए। संजय गांधी हास्पिटल के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए 321 करोड़ 94 लाख रुपए के कार्य शुरू हुए। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के विस्तार का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। रीवा में 26 और 27 जुलाई को पर्यटन कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। इसमें पर्यटन के क्षेत्र में 3001 करोड़ रुपए के निवेश के प्रस्ताव मिले। प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक गतिशील बनाने के लिए ई आफिस व्यवस्था इस वर्ष लागू की गई। रीवा में संभागीय कार्यालयों ने इस व्यवस्था को तेजी से अपनाया। अक्टूबर माह से रीवा संभाग ई आफिस व्यवस्था में प्रदेश में लगातार प्रथम स्थान पर बना हुआ है।

Leave a Comment

ख़ास ख़बरें

ताजातरीन

marketmystique