सही मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं का साथ हो, तो ग्रामीण महिलाएं भी छू सकती हैं आसमान कविता की प्रेरक कहानी

Share this post

खेत बना तालाब, बगिया बनी सहारा और कविता हुईं लखपति
कविता सोनकर की स्वावलंबन कहानी

रीवा 17 फरवरी 2026.Rewadarshannews18 Upendra Dwivedi

जनपद पंचायत जवा के ग्राम पंचायत बराह की रहने वाली श्रीमती कविता सोनकर की कहानी महज़ एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह उन हज़ारों महिलाओं के लिए उम्मीद की किरण है जो घर की चारदीवारी से निकलकर खुद की पहचान बनाना चाहती हैं। एक समय था जब कविता के लिए परिवार की बुनियादी जरूरतों को पूरा करना एक चुनौती थी। लेकिन उनके भीतर कुछ बड़ा करने की तड़प थी। बदलाव तब शुरू हुआ जब वे मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत महालक्ष्मी स्वसहायता समूह से जुड़ीं। यहाँ से उन्हें न केवल आर्थिक मदद मिली, बल्कि आत्मविश्वास और सही दिशा भी मिली।


       कविता ने हार न मानने का संकल्प लिया और समूह से 45 हजार रुपए का ऋण लेकर अपनी बंजर ज़मीन को उपजाऊ बनाने का निर्णय लिया। कविता ने मनरेगा के सहयोग से अपने खेत में तालाब खुदवाया और उसमें वैज्ञानिक तरीके से मछली पालन शुरू किया, जिससे आज वे सालाना एक लाख रुपए की शुद्ध आय अर्जित कर रही हैं। मछली पालन की सफलता ने उनके साहस को दोगुना कर दिया। उन्होंने 60 हजार रुपए का दूसरा ऋण लिया और मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना “एक बगिया माँ के नाम” से जुड़ गईं। उन्होंने अपनी भूमि पर अमरूद की बगिया लगाई। लेकिन उन्होंने खाली ज़मीन का भी सदुपयोग किया और पंक्तियों के बीच मिर्च की खेती शुरू की। मिर्च की फसल ने उन्हें तुरंत नकद आय देना शुरू कर दिया, जिससे परिवार का खर्च और बगिया का रख-रखाव आसान हो गया।


       कविता एक सफल उद्यमी के साथ ही आत्मनिर्भरता की मिसाल बन चुकी हैं। उनके पास आय के तीन सशक्त स्त्रोत हैं। उन्होंने मछलीपालन को सालाना आय का मुख्य जरिया बनाया, अमरूद की बगिया लगाकर दीर्घकालिक निवेश किया और नियमित घरेलू खर्च के लिए मिर्च की खेती की। यदि सही मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं का साथ हो, तो ग्रामीण महिलाएं आसमान छू सकती हैं। यह कविता की सफलता का मूल मंत्र है। कविता सोनकर आज सिर्फ अपने परिवार का भरण-पोषण नहीं कर रहीं, बल्कि बराह गाँव की हर उस महिला के लिए रोल मॉडल हैं जो अपनी मेहनत के दम पर आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं।

Leave a Comment

ख़ास ख़बरें

ताजातरीन

marketmystique